सुकमा में प्रार्थना सभा पर पथराव, नारायणपुर में शव दफनाने को लेकर भारी हंगामा
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सामाजिक और धार्मिक मामलों को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर उपजा विवाद गहरा गया है. सुकमा जिले के तोंगपाल क्षेत्र में जहां एक प्रार्थना सभा के दौरान दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले, वहीं नारायणपुर के बेनूर में एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार की जगह को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया. दोनों ही मामलों में पुलिस और प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है.
सुकमा जिले के साडरापाल गांव में रविवार को उस समय स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, जब एक प्रार्थना सभा के दौरान ग्रामीण और ईसाई समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए. इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ईसाई संगठनों का साफ तौर पर आरोप है कि उनके शांतिपूर्ण आयोजन पर ग्रामीणों ने सुनियोजित हमला किया है, जिसे वे धार्मिक आजादी पर कुठाराघात बता रहे हैं. इसके विपरीत, स्थानीय स्तर पर इस पूरे विवाद की जड़ को कथित मतांतरण और धर्मांतरण की गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है. तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
हालांकि, इस मामले में पुलिस का नजरिया कुछ अलग है. तोंगपाल थाना पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हिंसक टकराव जमीन के पुराने विवाद और व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम नजर आ रहा है.
पुलिस ने हिडमा कवासी नामक व्यक्ति की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और निष्पक्ष जांच के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी.
दूसरी तरफ, नारायणपुर जिले के बेनूर क्षेत्र अंतर्गत पटेलपारा में एक अन्य संवेदनशील मामला सामने आया. यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला बुधाय कोर्राम के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया. ग्रामीण मृतका के परिजनों पर पूर्व में अपना पारंपरिक धर्म छोड़कर दूसरा मजहब अपनाने का आरोप लगा रहे थे.
ग्रामीणों का तर्क था कि परिवार ने पहले गांव की रीति-रिवाजों में लौटने का वादा किया था, लेकिन वे फिर से दूसरे धर्म की ओर चले गए, इसलिए उन्हें गांव की जमीन पर शव दफनाने नहीं दिया जाएगा. परिजन इसी गांव में अंतिम संस्कार की जिद पर अड़े थे, जिससे गतिरोध बढ़ गया.
मामला बिगड़ता देख प्रशासनिक अमला और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एसडीओपी अविनाश कंवर और थाना प्रभारी मुकेश्वर ध्रुव ने दोनों पक्षों के साथ लंबी बातचीत की.
आखिरकार समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी, जिसके बाद मृतका के पार्थिव शरीर को शव वाहन की मदद से अंतिम संस्कार के लिए नारायणपुर भेजा गया, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली.