स्टेडियम कुत्ता विवाद: IAS अधिकारी रिंकू दुग्गा की बहाली पर SC ने लगाई रोक
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने त्यागराज स्टेडियम को अपने कुत्ते को टहलाने के लिए खाली करवाने के विवाद में घिरीं आईएएस अधिकारी रिंकू दुग्गा की सेवा में बहाली के फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी है. केंद्र सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें दुग्गा की अनिवार्य सेवानिवृत्ति (कंपल्सरी रिटायरमेंट) को रद्द कर दिया गया था.
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए रिंकू दुग्गा को नोटिस जारी किया है और मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर के लिए तय की है.
वर्ष 2022 में सामने आए इस चर्चित मामले में रिंकू दुग्गा और उनके आईएएस पति पर आरोप लगा था कि वे अपने कुत्ते को टहलाने के लिए स्टेडियम को खिलाड़ियों से खाली करवा लेते थे. मीडिया रिपोर्ट्स और तस्वीरों के सामने आने के बाद देशभर में भारी जनाक्रोश देखने को मिला था, जिसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी थी.
इसके खिलाफ दुग्गा ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) का रुख किया, जहां से उनके पक्ष में फैसला आया. बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी CAT के आदेश को बरकरार रखते हुए कहा था कि सेवा से "बेकार या अकार्यक्षम (डेडवुड)" अधिकारियों को हटाने के लिए अनिवार्य सेवानिवृत्ति का नियम लागू होता है, जो दुग्गा के मामले में उपयुक्त नहीं बैठता.
हालांकि, अब शीर्ष अदालत के इस नए आदेश के बाद उनकी बहाली की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लग गई है.