श्रीलंका में बाढ़: पाकिस्तान ने भेजी एक्स्पायर्ड सामग्री
नई दिल्ली । डेस्क: श्रीलंका में विनाशकारी चक्रवात 'दितवा' के बाद आई भयंकर बाढ़ से हुई तबाही के बीच, दो पड़ोसी देशों पाकिस्तान और भारत की राहत प्रतिक्रिया में एक बड़ा अंतर सामने आया है. एक तरफ पाकिस्तान को अपनी भेजी गई सामग्री को लेकर अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना करना पड़ा है, वहीं भारत ने 'ऑपरेशन सागर बंधु' के जरिए त्वरित और व्यापक मानवीय सहायता उपलब्ध कराकर अपनी छवि मजबूत की है.
कोलंबो भेजी गई पाकिस्तानी राहत सामग्री के पैकेज पर 'EXP: 10/2024' यानी अक्टूबर 2024 की तारीख दर्ज थी, जिसका मतलब है कि ये सामग्री एक साल से भी ज्यादा समय पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी.
पाकिस्तान के हाई कमीशन ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इन पैकेजों की तस्वीरें पोस्ट की थीं, जिसके बाद कड़ी आलोचना शुरू हो गई. यूजर्स ने सवाल उठाया कि प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों को पाकिस्तान ने समय सीमा पार हो चुकी सामग्री कैसे भेजी. हाई कमीशन ने पोस्ट में लिखा था, “हमेशा एक साथ पाकिस्तान आज और हमेशा श्रीलंका के साथ है,” लेकिन विवाद ने इस संदेश पर पानी फेर दिया.
दूसरी ओर, विवादों से दूर भारत ने तुरंत बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता शुरू कर दी. भारत ने 'ऑपरेशन सागर बंधु' शुरू किया, जिसके तहत 28 नवंबर से अब तक 53 टन से अधिक राहत सामग्री हवाई और समुद्री मार्ग से भेजी जा चुकी है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी 'एक्स' पर भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुकन्या के श्रीलंका पहुंचने की तस्वीरें साझा कीं. भारत ने IAF के परिवहन विमानों और भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस विक्रांत, आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस सुकन्या को राहत कार्य में लगाया.
भारतीय दल ने श्रीलंका, जर्मनी, यूके, पोलैंड, ईरान और यहां तक कि पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित 12 देशों के 2,000 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है.
बचाव और खोज के लिए 80 सदस्यों वाली एनडीआरएफ की टीमें और दो BHISHM मेडिकल क्यूब भी भेजे गए हैं. शुरुआती 9.5 टन खाद्य सामग्री भेजने के बाद, भारत ने 31.5 टन टेंट, कंबल, दवाइयाँ और स्वच्छता किट जैसी जरूरी चीजें भी उपलब्ध कराई हैं.
जहां एक ओर पाकिस्तान की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं भारत ने तेज, समन्वित और बड़ी मदद के जरिए श्रीलंका के एक विश्वसनीय और जिम्मेदार साथी के रूप में अपनी भूमिका को स्पष्ट किया है.