आदिवासियों की संस्कृति में बसती है छत्तीसगढ़ की आत्मा- राष्ट्रपति
जगदलपुर । संवाददाता: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में संभाग स्तरीय 'बस्तर पंडुम-2026' का भव्य शुभारंभ किया. माँ दंतेश्वरी के जयघोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है जहाँ सरकार अपनी प्राचीन विरासतों और जनजातीय परंपराओं को संरक्षित करने के लिए समर्पित है.
उन्होंने बस्तर पंडुम को आदिवासियों की गौरवशाली संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि इस आयोजन में 54 हजार से अधिक कलाकारों का पंजीयन उनकी अपनी जड़ों के प्रति गहरे जुड़ाव को दर्शाता है. राष्ट्रपति ने विशेष रूप से आदिवासी बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया और कहा कि उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समाज और अभिभावकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी.
समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि भारत सरकार की निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल समाप्त हो रहा है. उन्होंने उल्लेख किया कि माओवादी अब हिंसा का मार्ग छोड़कर लोकतंत्र में आस्था दिखा रहे हैं, जिससे वर्षों से बंद स्कूल पुनः खुल रहे हैं और दुर्गम क्षेत्रों में विकास पहुँच रहा है.
राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि बस्तर पंडुम केवल एक मेला नहीं बल्कि जनजातीय लोक संस्कृति का उत्सव है, जो नई पीढ़ी को अपनी पहचान से जोड़ने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने ढोकरा शिल्प और स्थानीय लोकनृत्यों जैसे गौर और परघौनी को वैश्विक मंच पर प्रमोट करने की आवश्यकता बताई.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का आगमन बस्तर के लिए एक बड़ा आशीर्वाद है. उन्होंने 'नियद नेल्ला नार' और 'प्रधानमंत्री जनमन' जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर में अब डर की जगह भरोसे ने ले ली है.
मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक क्षेत्र से नक्सलवाद का समूल उन्मूलन कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि बस्तर के युवा अब हथियारों के बजाय खेल और कला के माध्यम से अपनी पहचान बना रहे हैं, जिसका प्रमाण बस्तर ओलंपिक और पंडुम जैसे आयोजनों में दिख रहा है.
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं और कोंडागांव बस्तर पंडुम पर आधारित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनमानस और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.