रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

सोनिया गांधी की किताब: भूपेश बघेल का BJP पर निशाना- 'कायर लोग विचारों से डरते हैं'

C

CG Khabar

30 अग. 2026, 01:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 22

सोनिया गांधी
सोनिया गांधी

रायपुर । संवाददाता: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर देश का सियासी पारा चढ़ गया है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर करारा हमला बोला है. बघेल का आरोप है कि सोनिया गांधी के जीवन और उनके व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित इस किताब के विचारों से असहज होकर इसे भारत में रोकने का प्रयास किया जा रहा है. 


उन्होंने सोनिया गांधी को एक निडर नेता बताते हुए कहा कि कायर लोग ही किताबों, लेखकों और विचारों के सामने आने से घबराते हैं, लेकिन इस तरह की बंदिशों से किताब को पाठकों तक पहुंचने से नहीं रोका जा सकता.

विज्ञापन


दरअसल, यह पूरा विवाद उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद शुरू हुआ जिनमें दावा किया गया था कि भारत में एक प्रमुख पब्लिशिंग हाउस ने इस किताब को छापने से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं. 


सोशल मीडिया से लेकर मीडिया बातचीत तक बघेल ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रकाशकों को डराकर और धमकाकर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि यह किताब दुनियाभर में प्रकाशित होगी और भारत में भी इसे पढ़ा जाएगा, क्योंकि सच को दबाना नामुमकिन है.


दूसरी ओर, प्रकाशन को लेकर जारी इन तमाम चर्चाओं के बीच Penguin Random House India ने अपना रुख साफ किया है. पब्लिशिंग हाउस ने ऐसी सभी खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि वे भारत में इस किताब के प्रकाशक नहीं हैं. 


कंपनी के अनुसार, संपादकीय बदलावों को स्वीकार न करने की वजह से प्रकाशन रुकने जैसी बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस किताब का प्रकाशन इस साल नवंबर में होना तय है, जिसके बाद से ही इसके भारतीय संस्करण को लेकर राजनीतिक खींचतान लगातार तेज होती दिख रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP