डीएसपी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दूसरे समाज की लड़की से शादी करने पर डीएसपी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है. डीएसपी के परिजनों का आरोप है कि उन्हें किसी के घर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है. समाज के द्वारा लगातार प्रताड़ित करने से वे परेशान हैं.
डीएसपी ने इसकी शिकायत थाने में की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पूरा मामला कोटा थाना क्षेत्र के सकरी का है. पुलिस के मुताबिक मेखलेंद्र प्रताप सिंह सरगुजा संभाग में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं. मूलतः उनका गृहग्राम कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलगहना मानिकपुर है. कुछ समय पहले उन्होंने अंतरजातीय विवाह किया था.
दूसरे समाज की लड़की से शादी करने से उनके समाज के लोग काफी नाराज हैं. इसके चलते डीएसपी के भाई-बहन जो बेलगहना में रहते हैं उनका समाज ने बहिष्कार कर दिया है.
इसके लिए समाज के लोगों ने गांव में बैठक बुलाकर सामूहिक रूप से बहिष्कार का फैसला सुनाया है. समाज के लोगों ने फरमान जारी किया है कि डीएसपी के परिवार को गांव में किसी के घर किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रण नहीं दिया जाएगा.
गांव के दूसरे समाज के घरों में आयोजित कार्यक्रम में जाने पर उन्हें अंदर घुसने से मना कर दिया जाता है. लगातार प्रताड़ना से तंग आकर परिजनों ने इसकी जानकारी डीएसपी को दी.
डीएसपी मेखलेंद्र प्रताप सिंह ने कोटा थाना पहुंचकर प्रताड़ित करने वाले समाज के लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है. पुलिस ने गांव के वीरेनद्र कुमार सिंह, श्रवण सिंह, धर्मेंद्र पाल एवं एन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है.