स्मार्ट मीटर: यूपी में फैसला वापस, छत्तीसगढ़ में समीक्षा से इनकार क्यों ?
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में बिजली की आसमान छूती कीमतों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. कांग्रेस ने प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनता, किसानों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने का गंभीर आरोप लगाया है. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद से अब तक रिकॉर्ड पांच बार बिजली दरों में इजाफा किया जा चुका है, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है.
इसके अलावा, हाल ही में थोपे गए 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) ने उपभोक्ताओं की कमर तोड़कर रख दी है.
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि राज्य में स्मार्ट मीटरों के आने के बाद से खेल और बिगड़ गया है. उपभोक्ताओं की बिना मंजूरी के उनके अनुबंध भार (सेंक्शंड लोड) को मनमाने ढंग से बढ़ाया जा रहा है और ज्यादा खपत के नाम पर भारी जुर्माना वसूला जा रहा है.
नतीजा यह है कि अकेले जून के महीने में ही प्रदेश के 45 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के घरों में सामान्य से तीन गुना तक अधिक राशि के बिल पहुंचे हैं. कई जगहों से तो एक ही महीने में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से अलग-अलग बिल थमाए जाने की गड़बड़ियां भी सामने आई हैं.
कांग्रेस का कहना है कि जब उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में भाजपा सरकार स्मार्ट मीटरों के फैसले को वापस ले सकती है, तो छत्तीसगढ़ में जनहित को देखते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही है?
इस पूरे बिजली संकट के पीछे कांग्रेस ने मुख्य रूप से तीन बड़ी वजहों को जिम्मेदार ठहराया है. पहला- दरों में लगातार की जा रही बढ़ोतरी, दूसरा- पूर्ववर्ती सरकार की लोकप्रिय 'बिजली बिल हाफ योजना' को बंद करना, और तीसरा- स्मार्ट मीटरों द्वारा जरूरत से ज्यादा खपत दर्ज करना.
गौरतलब है कि इस बार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू (व्यावसायिक) श्रेणी में 20 से 40 पैसे और खेती-किसानी के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक की नई बढ़ोतरी लागू की गई है.
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन मरकाम ने इस फैसले की तीखी आलोचना करते हुए अपनी सरकार के कामकाज की याद दिलाई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल के दौरान बिजली दरों में केवल दो पैसे की मामूली वृद्धि की गई थी, और 400 यूनिट तक का बिल आधा करने की राहत भी जनता को मिल रही थी. लेकिन वर्तमान सरकार राहत देने के बजाय लगातार 'बिजली का झटका' दे रही है.
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि लगातार बढ़ रहे इन भारी-भरकम बिलों और स्मार्ट मीटर की मनमानी पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो वे जनता की इस लड़ाई को और उग्र करेंगे.