SIR: घर पहुंचे BLO, मुख्यमंत्री ममता ने खुद लिया एनुमरेशन फॉर्म
कोलकाता । डेस्क: वोटर लिस्ट के SIR को लेकर मंगलवार को कोलकाता की सड़कों पर चुनाव आयोग को सवालों के घेरे में खड़ी करने वाली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर बुधवार को चुनाव आयोग के बूथ लेवल ऑफिसर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने स्वयं बीएलओ से SIR का 'एनुमरेशन फॉर्म' लिया और उसे भरकर वापस लौटाने की बात कही.
पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर वोटरों को 'एनुमरेशन फॉर्म' दे रहे हैं. बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 77 के प्रभारी अधिकारी अमित कुमार राय मुख्यमंत्री के 30बी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित आवास पर पहुंचे.
शुरुआत में, सुरक्षा कारणों से पुलिस अधिकारियों ने अमित को मुख्यमंत्री से सीधे फॉर्म लेने से रोका.
बीएलओ अमित ने पुलिस अधिकारियों की बात मानने से इनकार कर दिया और स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, 'एनुमरेशन फॉर्म' केवल उस व्यक्ति को ही दिया जा सकता है जिसका नाम 2002 की मतदाता सूची में है, और चूंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी एक मतदाता हैं, इसलिए वह फॉर्म सीधे उन्हीं को सौंपेंगे.
काफी देर तक चली बहस के बाद, कुछ पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री आवास के अंदर गए और फिर बीएलओ अमित को घर के अंदर आने की अनुमति दी गई. हालांकि, उन्हें अपना बैग और मोबाइल बाहर सुरक्षा कर्मियों के पास जमा करना पड़ा.
सूत्रों के अनुसार, उस समय मुख्यमंत्री ममता कमरे से बाहर आईं. बीएलओ अमित ने उनके हाथ में फॉर्म दिया और उनसे कहा कि फॉर्म भरने के बाद उनके कार्यालय से उन्हें सूचित किया जाए ताकि वह भरा हुआ 'एनुमरेशन फॉर्म' वापस ले जा सकें.
मुख्यमंत्री ने बीएलओ को सूचित किया कि फॉर्म भरने के बाद उनके कार्यालय की तरफ से फोन कर दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री के घर गए बीएलओ अमित वर्तमान में पश्चिम बंगाल सरकार के नागरिक सुरक्षा विभाग में कार्यरत हैं.
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस सैद्धांतिक रूप से SIR के खिलाफ नहीं है, लेकिन वह उस समय और तरीके का विरोध कर रही है जिस तरह से चुनाव आयोग यह प्रक्रिया कर रहा है.
तृणमूल का कहना है कि जब 2002 में SIR हुआ था, तो इस प्रक्रिया को पूरा करने में दो साल से अधिक का समय लगा था, तो अब इतनी जल्दबाजी क्यों है? सत्तारूढ़ दल ने यह सवाल भी उठाया है कि अगर बांग्लादेश और म्यांमार से घुसपैठियों की पहचान करनी है, तो इन दोनों देशों से सटे आठ राज्यों को छोड़कर सिर्फ बंगाल में ही SIR क्यों किया जा रहा है?
तृणमूल का यह भी कहना है कि असम को छोड़कर, जहां अगले साल पश्चिम बंगाल के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं, बाकी सभी गैर-भाजपाई शासित राज्यों में SIR हो रहा है, जिससे कमीशन की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं.