मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

स्वास्थ्य पर होने वाले व्यक्तिगत खर्च में उल्लेखनीय कमी- जे पी नड्डा

C

CG Khabar

14 फ़र. 2026, 07:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 17

जेपी नड्डा
जेपी नड्डा

देहरादून । डेस्क: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने शनिवार को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के 8th दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों का ब्योरा पेश किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले व्यक्तिगत खर्च (आउट-ऑफ-पॉकेट एक्सपेंडिचर) में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है. 


स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में एम्स (AIIMS) की संख्या 6 से बढ़कर 23 हो गई है, जिससे देश के हर कोने में उन्नत चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुलभ हुई है. 

विज्ञापन


उन्होंने आयुष्मान भारत योजना (AB-PMJAY) की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक लगभग 62 करोड़ लोगों को इसके तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है.


स्वास्थ्य मंत्री ने मातृ और शिशु स्वास्थ्य के आंकड़ों पर संतोष जताते हुए कहा कि देश में संस्थागत प्रसव की दर 89 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि मातृ मृत्यु दर (MMR) 130 से घटकर 88 और शिशु मृत्यु दर (IMR) 39 से गिरकर 27 पर आ गई है. 


उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 1.82 लाख से अधिक 'आयुष्मान आरोग्य मंदिरों' के परिचालन और टीबी व मलेरिया जैसी बीमारियों के नियंत्रण में वैश्विक औसत से बेहतर प्रदर्शन का भी उल्लेख किया. 


कोरोना काल की चर्चा करते हुए नड्डा ने भारत के ऐतिहासिक टीकाकरण अभियान को दुनिया का सबसे कुशल सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयास बताया, जिसके तहत 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज दी गई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP