जशपुर में सनसनी: मां की लाश के साथ 20 दिन तक सोता रहा बेटा
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. कुनकुरी में एक 25 वर्षीय युवक अपनी मां की मौत के बाद करीब 20 दिनों तक उनके शव के साथ एक ही घर में रहता रहा.
यह सनसनीखेज वाकया तब उजागर हुआ जब घर से असहनीय दुर्गंध आने लगी और मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया.
पुलिस के अनुसार, प्रवीण खाल्को नामक युवक एक निजी कूरियर कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था और अपनी 65 वर्षीय लकवाग्रस्त मां सबीना खाल्को के साथ किराए के मकान में रह रहा था.
कुनकुरी थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो बुजुर्ग महिला का शव बिस्तर पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला.
कमरे से मिले मेडिकल पर्चों से संकेत मिलता है कि महिला का इलाज चल रहा था और संभवतः 6 दिसंबर को उनकी मृत्यु हो गई थी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मां की मौत के बाद युवक गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में चला गया था और उसने किसी को भी इस घटना की जानकारी नहीं दी.
पुलिस का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है और उसमें आत्मघाती प्रवृत्तियां भी देखी गई हैं.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके. (Symbolic Photo)