शिल्पा शेट्टी डीपफेक मामला: बॉम्बे HC सख्त, कंटेंट हटाने का आदेश
मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाई कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी के एआई वाले फोटोज को हटाने का निर्देश दिया है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा निर्मित और मॉर्फ्ड तस्वीरों को "बेहद परेशान करने वाला और चौंकाने वाला" बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को इन्हें तत्काल हटाने का निर्देश दिया है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि अभिनेत्री की सहमति के बिना बनाई गई ये तस्वीरें उनके निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करती हैं और उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुँचा सकती हैं.
शिल्पा शेट्टी ने अपनी याचिका में व्यक्तित्व अधिकारों के संरक्षण की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि उनकी आवाज, व्यवहार और चेहरे का क्लोन बनाने के लिए AI टूल्स का दुरुपयोग किया गया है, ताकि आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और मर्चेंडाइज तैयार किए जा सकें.
कोर्ट ने संबंधित यूआरएल को तुरंत हटाने का आदेश देते हुए कहा कि वह व्यक्तित्व और प्रचार अधिकारों से जुड़े व्यापक कानूनी मुद्दों पर आगे विचार करेगा.