शेख हसीना बोलीं- जेल भी भेज दें, तो भी डर से पीछे नहीं हटूंगी
नई दिल्ली । डेस्क: पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत में दो साल का समय बिताने के बाद अपने देश लौटने का बड़ा ऐलान किया है. 78 वर्षीय हसीना ने 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया' के एक कार्यक्रम में वीडियो लिंक के जरिए जुड़कर कहा कि वह इसी साल दिसंबर में बांग्लादेश वापस जाने की योजना बना रही हैं.
बांग्लादेश में मौत की सजा का सामना कर रहीं शेख हसीना ने निर्भीक अंदाज में कहा कि उन्हें जेल जाने या हिरासत में लिए जाने का डर नहीं है और भय कभी जनता के प्रति उनके कर्तव्य को तय नहीं कर सकता.
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि उनकी पार्टी 'अवामी लीग' पर लगा प्रतिबंध तुरंत हटाया जाना चाहिए.
वर्ष 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले हिंसक विरोध प्रदर्शनों और तख्तापलट के बाद शेख हसीना को ढाका छोड़कर दिल्ली आना पड़ा था.
बाद में ढाका की अदालत ने उनके खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए उन्हें मौत की सजा सुनाई थी.
हालांकि बांग्लादेश लगातार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, लेकिन भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है.
भारत के विदेश मंत्रालय ने हसीना के इस हालिया संबोधन से खुद को पूरी तरह अलग रखते हुए कहा कि इस निजी कार्यक्रम या व्यक्त किए गए विचारों से सरकार का कोई संबंध नहीं है.