शेख हसीना प्रत्यर्पण: बांग्लादेश इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करेगा
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश वापस लाने के लिए नया कदम उठाया है. मानवता-विरोधी अपराधों के मामले में अंतरराष्ट्रीय अपराध ट्रिब्यूनल द्वारा मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद, सरकार ने इंटरपोल के माध्यम से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हसीना और तत्कालीन गृह मंत्री आसादुज्जमान खान कमाल को भारत से वापस लाने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार, अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस की अगुवाई में यह कदम उठाया जा रहा है. सरकार ने भारत को भी इसकी सूचना दी है. बांग्लादेश के सरकारी वकील तामीम ने बताया कि अदालत में सजा सुनाए जाने की जानकारी इंटरपोल को देकर रेड कॉर्नर नोटिस के लिए आवेदन किया जाएगा.
इधर, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सभी पक्षों पर नजर रखी जा रही है. बांग्लादेश में शांति, लोकतंत्र और स्थिरता के हित में सभी हितधारकों के साथ संपर्क बनाए रखा जाएगा. हालांकि, हसीना के प्रत्यर्पण पर भारत ने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है.
यह खबर बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच आया है, जहां हसीना की सरकार अगस्त में छात्र आंदोलन के बाद गिर गई थी. ट्रिब्यूनल ने हसीना और कमाल दोनों को मृत्युदंड का आदेश दिया है, जिसके बाद प्रत्यर्पण अभियान में तेजी आई है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम क्षेत्रीय कूटनीति को प्रभावित कर सकता है.