वंदे मातरम के सभी 5 अंतरे अनिवार्य करने पर शशि थरूर ने उठाए सवाल
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य शशि थरूर ने आधिकारिक कार्यक्रमों के शुरू और अंत में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के सभी पांच अंतरों (वर्सेज) को गाए जाने की अनिवार्यता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. केरल में राष्ट्रगीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने इस प्रथा को दर्शकों के लिए "अनावश्यक और बोझिल" करार दिया.
शशि थरूर ने स्पष्ट किया कि वंदे मातरम के प्रति हर किसी के मन में गहरा सम्मान है, लेकिन हर समारोह में इसके पूर्ण संस्करण को अनिवार्य बनाने का कोई ठोस औचित्य नहीं है. उन्होंने कहा, "वंदे मातरम हमारा राष्ट्रगीत है और जब यह गाया जाता है, तो हम सभी इसके सम्मान में खड़े होते हैं. आमतौर पर इसके पहले या शुरुआती दो अंतरे अधिकांश लोगों को जुबानी याद हैं और परंपरा के अनुसार इसे कार्यक्रम की शुरुआत में गाया जाता रहा है."
सांसद ने हाल ही में नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति में हुए एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का हवाला दिया. उन्होंने बताया कि वहां कार्यक्रम की शुरुआत और समापन दोनों ही समय पूरा गीत बजाया गया. थरूर के अनुसार, एक छोटे से कार्यक्रम में दर्शकों के लिए दो बार इतने लंबे और कम परिचित गीत के लिए खड़े रहना काफी असुविधाजनक साबित हुआ.
केरल सरकार और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के बीच इस मुद्दे पर अलग-अलग राय का जिक्र करते हुए थरूर ने कहा कि राज्य सरकार इसे वैकल्पिक मानती है, जबकि राज्यपाल का दृष्टिकोण भिन्न है. उन्होंने कहा, "चूंकि संसद द्वारा ऐसा कोई कानून पारित नहीं किया गया है, इसलिए यह मामला परंपरा से जुड़ा है और संभवतः अंततः इसे कानूनी रूप से स्पष्ट करना पड़े."
शशि थरूर ने इस पूरे विवाद को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताते हुए उम्मीद जताई कि इसे सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया जाएगा. उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति या प्रधानमंत्री की मौजूदगी वाले बड़े अनौपचारिक और औपचारिक अवसरों पर इसे पूरा गाना समझ में आता है, लेकिन हर छोटे कार्यक्रम में इसे दो बार दोहराना न तो व्यावहारिक है और न ही तर्कसंगत.