SHANTI बिल जनता की सुरक्षा के साथ 'खतरनाक' खिलवाड़- शशि थरूर
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्र सरकार द्वारा संसद के शीतकालीन सत्र में पेश किए गए 'सस्टेनेबल हार्नेसिंग एंड एडवांसमेंट ऑफ न्यूक्लियर एनर्जी फॉर ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया' (SHANTI) बिल का कड़ा विरोध किया है. लोकसभा में अपनी बात रखते हुए थरूर ने इस प्रस्तावित कानून को भारतीय परमाणु क्षेत्र के लिए एक 'खतरनाक छलांग' करार दिया.
उन्होंने तर्क दिया कि यह बिल परमाणु उद्योग के दरवाजे निजी कंपनियों के लिए खोलकर सार्वजनिक सुरक्षा को बड़े जोखिम में डाल रहा है.
थरूर के अनुसार, बिल में जवाबदेही और सुरक्षा मानकों की भारी कमी है, जिससे भविष्य में किसी भी परमाणु दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा.
थरूर ने विशेष रूप से मुआवजे की सीमित राशि और 'लायबिलिटी कैप' पर सवाल उठाते हुए कहा कि $460 मिलियन की सीमा फुकुशिमा या चेरनोबिल जैसी बड़ी आपदाओं के सामने बेहद कम है.
उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि नए प्रावधानों के तहत उपकरणों की आपूर्ति करने वाली कंपनियां अपनी जिम्मेदारी से बच जाएंगी और दुर्घटना का सारा वित्तीय बोझ भारतीय करदाताओं पर पड़ेगा. इसके अलावा, उन्होंने पीड़ितों के लिए शिकायत दर्ज करने की कठिन प्रक्रिया और विकिरण से होने वाली बीमारियों की लंबी अवधि को नजरअंदाज करने वाले नियमों की भी आलोचना की.
थरूर ने मांग की है कि इस बिल को इसकी बुनियादी खामियों के कारण व्यापक पुनर्विचार के लिए संसदीय समिति के पास भेजा जाना चाहिए.