नाबालिग दोस्त से कुकृत्य, दो दोषियों को 10-10 साल का कारावास
पेंड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड की विशेष अदालत ने यौन उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में त्वरित न्याय करते हुए दो युवकों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. विशेष न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने कोरबा निवासी अंशु जॉन और बलौदाबाजार के विकास मसीह को पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत दोषी करार देते हुए जेल भेज दिया.
कारावास के साथ ही अदालत ने दोनों दोषियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी अधिरोपित किया है.
यह मामला अप्रैल 2025 का है, जब दोनों आरोपियों ने अपने ही एक नाबालिग मित्र के साथ जघन्य वारदात को अंजाम दिया था.
घटना वाली रात जब पीड़ित अपने किसी काम से जा रहा था, तब आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और सुमन निकेतन चर्च के पीछे स्थित सुनसान जंगल में ले गए.
वहाँ आरोपियों ने न केवल पीड़ित के साथ कुकृत्य किया, बल्कि पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया. दरिंदगी के बाद उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा था, लेकिन बालक की हिम्मत और गौरेला पुलिस की मुस्तैदी से मामला थाने तक पहुँचा.
इस केस की खास बात यह रही कि न्यायपालिका ने मात्र 11 महीने के भीतर सुनवाई पूरी कर फैसला सुना दिया. अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक कौशल सिंह ने मजबूती से दलीलें पेश कीं, जिसके आधार पर कोर्ट ने दोनों को कड़ी सजा सुनाई.