अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में चूक, हथियारबंद शख्स गिरफ्तार
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में कथित तौर पर एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है. शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि शुक्रवार (19 जून, 2026) की रात कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था.
उन्होंने बताया कि मौके पर कुछ हथियारबंद लोगों को पकड़ा गया है, जिससे हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.
यह घटना उस समय हुई जब अभिषेक बनर्जी दिल्ली से कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचे थे. उनकी अगवानी के लिए वहां मौजूद टीएमसी समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच अचानक झड़प हो गई और देखते ही देखते हवाई अड्डा परिसर के निकास द्वार के पास भारी हंगामा शुरू हो गया.
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीले कुर्ते और काले कपड़े में दिख रहा एक व्यक्ति कथित तौर पर कपड़े के नीचे बंदूक छिपाने की कोशिश कर रहा है, जिसे प्रदर्शनकारियों और टीएमसी समर्थकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने सवाल उठाया कि क्या यह अभिषेक बनर्जी की हत्या की कोशिश थी?
वहीं, सांसद सागरिका घोष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की और पश्चिम बंगाल की नई भारतीय जनता पार्टी सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. टीएमसी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि अपराधी अब खुलेआम घूम रहे हैं.
दूसरी तरफ, हवाई अड्डे पर पहुंचे टीएमसी समर्थकों ने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और महिला समर्थकों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ.
गौरतलब है कि राज्य में 15 साल बाद सत्ता से बाहर होने के बाद से टीएमसी नेताओं पर लगातार हमले और विरोध की घटनाएं बढ़ी हैं, जिनमें नेताओं पर अंडे फेंकने जैसी घटनाएं भी शामिल हैं. हालांकि, भाजपा नेतृत्व ने इन हमलों में अपनी किसी भी तरह की सीधी संलिप्तता से साफ इनकार किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.