नासा की लैब में वैज्ञानिकों ने पृथ्वी की घूर्णन गति से बिजली बनाया
वाशिंगटन । डेस्क: बिजली के बिना आधुनिक मानव सभ्यता की कल्पना संभव नहीं है. बढ़ती आबादी और तकनीकी निर्भरता के साथ ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है. ऐसे में वैज्ञानिक वर्षों से बिजली के नए और वैकल्पिक स्रोतों की तलाश में जुटे हैं. अब इसी दिशा में एक बेहद चौंकाने वाला दावा सामने आया है. अमेरिकी वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में पृथ्वी की घूर्णन गति का उपयोग कर बिजली उत्पन्न करने में सफलता हासिल की है.
अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित नासा की एक प्रयोगशाला में किए गए इस अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पृथ्वी के दैनिक घूर्णन (रोटेशन) और उसके भू-चुंबकीय क्षेत्र को आधार बनाकर विद्युत उत्पादन का प्रयोग किया. इस शोध का नेतृत्व प्रिंसटन विश्वविद्यालय के खगोल-भौतिक विज्ञानी क्रिस्टोफर एफ. चाइबा ने किया. वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि यह तकनीक भविष्य में व्यावहारिक रूप से विकसित हो पाती है, तो ऊर्जा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आ सकता है.
दरअसल, पृथ्वी एक विशाल भू-चुंबकीय क्षेत्र से घिरी हुई है, जो उसके बाहरी कोर में मौजूद धातुओं की गतिशीलता से बनता है. जब पृथ्वी अपनी काल्पनिक धुरी पर घूमती है, तब यह चुंबकीय क्षेत्र लगभग स्थिर बना रहता है. सिद्धांत रूप में किसी चालक पदार्थ के इस चुंबकीय क्षेत्र से गुजरने पर बिजली उत्पन्न हो सकती है, लेकिन भौतिकी के प्रचलित नियमों के अनुसार उत्पन्न होते ही यह विद्युत इलेक्ट्रॉनों की गति के कारण तुरंत समाप्त हो जाती है. यही वह बाधा थी, जिसने अब तक इस विचार को व्यावहारिक रूप लेने से रोके रखा.
क्रिस्टोफर चाइबा और उनकी टीम ने इसी सिद्धांत में एक “खामी” खोज निकाली. उन्होंने पाया कि यदि चालक की बनावट और संरचना विशेष हो, तो इलेक्ट्रॉनों की उस गति को आंशिक रूप से दरकिनार किया जा सकता है, जिससे मापने योग्य विद्युत उत्पन्न हो सके. इस सिद्धांत को प्रयोगशाला में परखने के लिए वैज्ञानिकों ने एक खास तरह का खोखला सिलिंडर तैयार किया.
यह सिलिंडर लगभग एक फुट लंबा था और इसे मैंगनीज-जिंक फेराइट से बनाया गया था. यह पदार्थ बिजली का कमजोर चालक है, लेकिन चुंबकीय क्षेत्र के प्रति काफी सक्रिय होता है. वैज्ञानिकों ने इस सिलिंडर को उत्तर-दक्षिण दिशा में रखते हुए 57 डिग्री के कोण पर झुकाया ठीक उसी तरह, जैसे पृथ्वी की अपनी धुरी झुकी हुई है. पृथ्वी के घूमने के साथ ही सिलिंडर के दोनों सिरों पर लगे इलेक्ट्रोड्स के बीच लगातार विद्युत उत्पन्न होने लगी, जिसे मापा भी गया. प्रयोग में कुछ लाख माइक्रोवोल्ट तक का वोल्टेज दर्ज किया गया.
दिलचस्प बात यह रही कि जब वैज्ञानिकों ने इसी पदार्थ से बना ठोस (भरा हुआ) सिलिंडर इस्तेमाल किया, तो कोई भी विद्युत उत्पन्न नहीं हुई. इससे यह स्पष्ट हुआ कि सिलिंडर की खोखली संरचना इस प्रयोग में निर्णायक भूमिका निभा रही है.
हालांकि, वैज्ञानिक भी मानते हैं कि प्रयोगशाला में उत्पन्न की गई यह बिजली वैश्विक जरूरतों की तुलना में बेहद नगण्य है. फिलहाल यह भी तय नहीं है कि इस तकनीक को प्रयोगशाला से बाहर बड़े पैमाने पर लागू किया जा सकेगा या नहीं. इसके बावजूद शोधकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने एक नई दिशा जरूर दिखाई है.
आज दुनिया सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जलविद्युत और ज्वार-भाटा जैसी प्राकृतिक शक्तियों से बिजली बना रही है. यदि भविष्य में पृथ्वी की अपनी घूर्णन गति को भी ऊर्जा स्रोत के रूप में इस्तेमाल किया जा सका, तो जब तक यह ग्रह अस्तित्व में रहेगा, तब तक ऊर्जा की कमी की चिंता लगभग समाप्त हो सकती है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह शोध ऊर्जा के भविष्य की तस्वीर बदलने की क्षमता रखता है.
(Symbolic Photo)