स्कूल ऑडिट विवाद: बुजुर्ग की हत्या पर CJP का आरोप, CM का इनकार
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति उजागर करने को लेकर बढ़ा विवाद अब एक बुजुर्ग की जान ले चुका है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 25 वर्षीय कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब मफीक की गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में मौत हो गई. CJP का आरोप है कि पार्टी कार्यकर्ता द्वारा स्कूल का निरीक्षण किए जाने से बौखलाए स्थानीय बीजेपी समर्थकों ने घर में घुसकर हमला बोला, जिसमें अब्दुल हफीज और उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे. शनिवार को इलाज के दौरान मफीक ने दम तोड़ दिया.
क्या है पूरा मामला और CJP के संगीन आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा जिले के करिगुंडा इलाके में 13 अगस्त को अब्दुल हफीज ने CJP के राष्ट्रव्यापी 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत अपने गांव के सरकारी स्कूल का दौरा कर बुनियादी ढांचे का जायजा लिया था. CJP का दावा है कि स्कूल के एक शिक्षक ने इस सोशल ऑडिट की जानकारी स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दे दी.
आरोप है कि उसी शाम हथियारबंद लोग हफीज के घर में जबरन घुस आए और दबाव बनाने लगे कि वह स्कूल का निरीक्षण बाहरी प्रभाव में करने की बात स्वीकारते हुए माफी का वीडियो रिकॉर्ड करे. हफीज के इनकार करने पर आरोपियों ने परिवार पर हिंसक हमला कर दिया. इस दौरान हफीज को गर्दन में और उनके पिता के सिर पर गंभीर चोट आई.
इंसाफ की मांग और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
घटना के बाद पीड़ित हफीज ने अस्पताल से वीडियो जारी कर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और बाद में कोलकाता शरण ली. CJP के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके और मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पार्टी इस डर और दबाव की राजनीति के आगे नहीं झुकेगी.
CJP का आरोप है कि शुरुआती हमले के बाद पुलिस ने न तो मेडिको-लीगल केस दर्ज किया और न ही तुरंत प्राथमिकी (FIR) लिखी. पार्टी ने इंदास थाना पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है. एकजुटता और न्याय की मांग को लेकर आशुतोष रांका के नेतृत्व में CJP का एक राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही बंगाल का दौरा करेगा.
बीजेपी और राज्य प्रशासन की सफाई
दूसरी ओर, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बीजेपी का हाथ होने की बात से साफ इनकार किया है. राज्य सचिवालय 'नबन्ना' में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में नामजद पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी दो को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा.
सुवेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आरोपी केवल अपराधी हैं और उनका बीजेपी से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने भरोसा जताया कि कानून के मुताबिक सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.