गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

इलाहाबाद HC के आदेश पर SC की रोक: IAS मेधा रूपम को मिली अंतरिम राहत

C

CG Khabar

24 सित. 2026, 08:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 21

मेघा रूपम IAS
मेघा रूपम IAS

नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की ज़िलाधिकारी आईएएस मेधा रूपम के वेतन से 5 लाख रुपये का जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया था. यह मामला आकृति चौधरी को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लेने से जुड़ा है. 


न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार और मेधा रूपम की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह निर्णय सुनाया.

विज्ञापन


चालू वर्ष में नोएडा में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान, दिल्ली विश्वविद्यालय की स्नातक आकृति चौधरी को एनएसए के तहत हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद वे पांच महीने तक न्यायिक हिरासत में रहीं. गत 2 सितंबर को इलाहाबाद हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन और न्यायमूर्ति अचल सचदेव की खंडपीठ ने आकृति के खिलाफ एनएसए की धाराएं रद्द करते हुए डीएम मेधा रूपम के फैसले की कड़ी आलोचना की थी. 


हाई कोर्ट ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार और संवैधानिक जिम्मेदारी का उल्लंघन माना था. कोर्ट ने कहा था कि नौकरशाहों को राजनीतिक आकाओं के बजाय संविधान के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और राज्य को जॉर्ज ऑरवेल के उपन्यास '1984' की तर्ज पर दमनकारी राज्य बनने से बचाना चाहिए. उच्च न्यायालय ने क्षतिपूर्ति की राशि डीएम और संबंधित अधिकारियों के वेतन से काटने का आदेश दिया था.


इस फैसले को चुनौती देते हुए आईएएस मेधा रूपम और उत्तर प्रदेश सरकार ने शीर्ष अदालत का रुख किया. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पीठ ने महत्वपूर्ण सवाल उठाया कि जब किसी को हिरासत में लेने की प्रक्रिया में प्रशासनिक स्तर के कई अधिकारी शामिल होते हैं, तो केवल ज़िलाधिकारी को व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी कैसे ठहराया जा सकता है. 


दोनों पक्षों की 20 मिनट की बहस के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के निर्देश पर अंतरिम रोक लगा दी, जिससे डीएम मेधा रूपम को बड़ी राहत मिली है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP