सत्य निकेतन हादसा: सुप्रीम कोर्ट 10 सितंबर को करेगा सुनवाई
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन क्षेत्र में रविवार को घटे दर्दनाक इमारत हादसे पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है. मंगलवार को शीर्ष अदालत ने कहा कि वह इस मामले से जुड़े मुद्दों पर 10 सितंबर को विचार करेगी और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली हाई कोर्ट में चल रहे केस को अपने पास स्थानांतरित भी कर सकती है.
जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाई कोर्ट द्वारा उठाए गए मुद्दे बेहद गंभीर हैं और ये सुप्रीम कोर्ट द्वारा पहले से ही पूरे देश के स्तर पर सुने जा रहे अवैध निर्माण, अग्नि सुरक्षा तथा रिहायशी इलाकों के व्यावसायिक इस्तेमाल जैसे मामलों से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं.
अदालत में दिल्ली सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने घटना को बेहद दुखद बताया. वहीं, न्याय मित्र (अमिकस क्यूरी) वरिष्ठ वकील अजीत सिन्हा ने पीठ को सूचित किया कि उन्होंने आईआईटी प्रोफेसर और नगर निगम (MCD) अधिकारियों के साथ मिलकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया है और एक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है.
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें बचाव कार्य के दौरान घटनास्थल पर मोबाइल नेटवर्क जैमर लगाने का दावा किया जा रहा था. पुलिस ने स्पष्ट किया कि एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मोबाइल के जरिए निर्बाध रूप से समन्वय कर रही हैं तथा मीडिया कर्मी भी वहां से लाइव कवरेज कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पांच मंजिला इस इमारत के ढहने से सात छात्रों की मौत हो चुकी है और पांच लोग घायल हुए हैं. इस मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक, उनकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एमसीडी के पांच अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है.