सीतापुर BJP MLA जाति मामला: HC ने कलेक्टर को दिया 90 दिन का अल्टीमेटम
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. उनके जाति प्रमाण पत्र की वैधता को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाया है.
न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी की एकल पीठ ने रायगढ़ कलेक्टर और जिला स्तरीय सत्यापन समिति को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस संवेदनशील मामले में बिना किसी देरी के आगामी 90 दिनों के भीतर अंतिम निर्णय लिया जाए.
यह मामला याचिकाकर्ता बिहारी लाल तिर्की द्वारा दायर की गई आपत्ति से जुड़ा है. याचिकाकर्ता का दावा है कि रामकुमार टोप्पो को 19 सितंबर 2023 को रायगढ़ प्रशासन द्वारा जारी किया गया जाति प्रमाण पत्र नियमों को ताक पर रखकर बनाया गया है.
आरोप है कि विधायक के पिता गणेश राम वर्ष 1980 में झारखंड से छत्तीसगढ़ आकर बसे थे और राज्य में उनके नाम पर कोई भू-अभिलेख या पुराना सेटलमेंट रिकॉर्ड मौजूद नहीं है. याचिका में कहा गया है कि जाति प्रमाण पत्र सरलीकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए इस दस्तावेज को तैयार किया गया है.
उल्लेखनीय है कि यह विवाद पिछले दो वर्षों से अधिक समय से लंबित है. याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि जिला प्रशासन जानबूझकर इस जांच को टाल रहा है, जिसके कारण उन्हें न्याय के लिए दोबारा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा.
इससे पहले भी अदालत ने जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन विधानसभा चुनाव और अन्य प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था. अब हाईकोर्ट की नई समय सीमा के बाद जिला छानबीन समिति को तीन महीने के भीतर यह स्पष्ट करना होगा कि विधायक का प्रमाण पत्र वैध है या नहीं. इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है.