सरगुजा: जवान बेटे का शव देख मां ने भी तोड़ा दम
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां रोजगार के लिए परदेस गए एक श्रमिक की जहरीली शराब पीने से जान चली गई. इस दुखद खबर का सदमा बुजुर्ग मां बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेटे का शव घर पहुंचते ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और एक ही चिता पर मां-बेटे का अंतिम संस्कार किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, सरगुजा के उलकिया गांव का रहने वाला राजेंद्र टोप्पो (35) आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. अपने परिवार की गुजर-बसर के लिए वह करीब छह महीने पहले अपनी पत्नी और दो वर्षीय मासूम बच्चे को लेकर महाराष्ट्र के पुणे चला गया था, जहां वह मजदूरी का काम करता था.
मई के आखिरी हफ्ते में पुणे में जहरीली शराब पीने की वजह से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
प्रशासनिक और सामाजिक सहयोग से करीब तीन दिनों के लंबे सफर के बाद राजेंद्र के पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के जरिए उसके पैतृक गांव लाया गया.
घर के इकलौते कमाऊ बेटे की लाश सामने देखते ही 55 वर्षीय मां सुखमनिया गहरे सदमे में चली गईं और कुछ ही पलों में उन्होंने भी प्राण त्याग दिए.
इस दोहरे हादसे ने राजेंद्र की बेसहारा पत्नी और दो साल के बच्चे के सामने भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है. स्थानीय ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार संपन्न कराया.