मैनपाट में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के मैनपाट अंतर्गत रोपाखार क्षेत्र में एक विधवा आदिवासी महिला के आशियाने पर प्रशासन द्वारा चलाए गए बुलडोजर ने सियासी और सामाजिक गलियारों में उबाल ला दिया है. शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई के विरोध में शनिवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों और राम सेना के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे 43 पर काराबेल के पास चक्काजाम कर दिया.
करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थिति बिगड़ती देख सीतापुर एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा और पीड़िता सहित विधायक समर्थक बीडीसी को हिरासत में ले लिया.
घटनाक्रम के अनुसार, रामबाई नामक महिला का मकान खसरा नंबर 853 की सरकारी जमीन पर बना था, जिसे प्रशासन ने अवैध बताते हुए जमींदोज कर दिया. विवाद की मुख्य जड़ महिला का 'वन अधिकार पट्टा' है, जिसमें तकनीकी त्रुटि के कारण गलत खसरा नंबर दर्ज हो गया था.
परिजनों का दावा है कि सुधार के लिए आवेदन दिया गया था, बावजूद इसके बिना किसी पूर्व सूचना के घर तोड़ दिया गया.
इस मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब भाजपा मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने अपनी ही सरकार के प्रशासनिक रवैये और पक्षपात का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया.
पैकरा ने आरोप लगाया कि एक रसूखदार व्यवसायी के दबाव में आकर केवल उनकी बहन के घर को निशाना बनाया गया है, जबकि क्षेत्र में अन्य कई अतिक्रमण मौजूद हैं.
सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे एसडीएम राम सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई तहसील न्यायालय की वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई है.
हालांकि, प्रदर्शनकारी संतुष्ट नहीं हुए, जिसके बाद पुलिसिया कार्रवाई की गई. अब पुलिस बिना अनुमति रास्ता रोकने के मामले में एफआईआर दर्ज कर रही है.
इधर, स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों में भी इस बात को लेकर गहरा असंतोष है कि जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद भी प्रशासन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भाजपा जिलाध्यक्ष भी डैमेज कंट्रोल के लिए सक्रिय हो गए हैं.