सरगुजा:18 साल की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी की
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम केपी में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका पूजा गिरी की शादी महज ढाई महीने पहले 19 वर्षीय मुकेश गिरी के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों से हुई थी. घटना के वक्त घर में चीख-पुकार मच गई जब परिजनों ने कमरे का छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक युवती के प्राण पखेरू उड़ चुके थे.
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पूजा ने अपने पति मुकेश को फोन कर तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर घर बुलाया.
जब पति घर पहुँचा, तो पूजा ने उसे गले लगाया और सामान्य व्यवहार किया, लेकिन पलक झपकते ही उसने खुद को कमरे के भीतर कैद कर लिया.
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कोई आहट न मिलने पर अनहोनी की आशंका में परिजनों ने खपरैल छत को तोड़ा.
अंदर का नजारा खौफनाक था. पूजा साड़ी के फंदे से लटक रही थी. आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, परंतु उसकी मृत्यु हो चुकी थी.
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पति मुकेश ने बताया कि पूजा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर चिढ़ जाती थी.
घटना वाले दिन वह डांस सीखने गया था, तभी पूजा ने उसे दवा लाने के लिए बुलाया था.
पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के मायके पक्ष ने फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पुलिस अब इस आत्मघाती कदम के पीछे के असली कारणों और मनोवैज्ञानिक पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.