रूस 2036 तक चांद पर लगाएगा न्यूक्लियर पावर प्लांट
नई दिल्ली । डेस्क: रूस ने चंद्रमा पर स्थायी मौजूदगी की दिशा में बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है. रूसी सरकारी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के अनुसार, देश अगले दशक में यानी वर्ष 2036 तक चांद पर एक पावर प्लांट स्थापित करने की योजना बना रहा है, जिससे उसके चंद्र मिशनों और रूस-चीन के संयुक्त अंतरराष्ट्रीय लूनर रिसर्च स्टेशन को ऊर्जा उपलब्ध कराई जा सकेगी.
रोस्कोस्मोस ने बताया कि इस परियोजना के लिए उसने एयरोस्पेस कंपनी लावोच्किन एसोसिएशन के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं. इस पावर प्लांट से चंद्र रोवर्स, वेधशालाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को बिजली दी जाएगी. एजेंसी ने इसे एक बार के मिशनों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक चंद्र अनुसंधान कार्यक्रम की ओर महत्वपूर्ण कदम बताया है.
हालांकि रोस्कोस्मोस ने आधिकारिक बयान में पावर प्लांट को सीधे तौर पर ‘न्यूक्लियर’ नहीं कहा, लेकिन परियोजना में रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसएटम और प्रमुख परमाणु अनुसंधान संस्थान कुर्चातोव इंस्टीट्यूट की भागीदारी से यह संकेत मिलता है कि यह परमाणु ऊर्जा आधारित होगा.
गौरतलब है कि 1961 में यूरी गागरिन को अंतरिक्ष में भेजने के बाद रूस लंबे समय तक अंतरिक्ष महाशक्ति रहा, लेकिन हाल के वर्षों में अमेरिका और चीन उससे आगे निकल गए हैं. अगस्त 2023 में रूस के लूना-25 मिशन की असफल लैंडिंग से उसकी चंद्र महत्वाकांक्षाओं को झटका लगा था.
रोस्कोस्मोस प्रमुख दिमित्री बाकानोव ने जून में कहा था कि चांद पर न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाना और शुक्र ग्रह का अध्ययन करना रूस के प्रमुख अंतरिक्ष लक्ष्यों में शामिल है. चंद्रमा पृथ्वी से करीब 3.84 लाख किलोमीटर दूर है और पृथ्वी की धुरी को स्थिर रखने के साथ-साथ समुद्री ज्वार-भाटों में भी अहम भूमिका निभाता है. (Symbolic Photo)