ग्रामीण रोजगार योजनाएं मौलिक अधिकार नहीं- सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: उच्चतम न्यायालय ने माना है कि मनरेगा और वीबी-जी राम जी जैसी वैधानिक ग्रामीण रोजगार योजनाएं नागरिकों को रोजगार का मौलिक अधिकार नहीं प्रदान करती हैं. शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि भारत का संविधान भी कार्य के अधिकार को मौलिक अधिकार का दर्जा नहीं देता है, बल्कि यह संविधान के भाग IV के तहत नीति निदेशक तत्वों के अंतर्गत केवल एक 'लोकतांत्रिक आकांक्षा' है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय, निखिल डे और ललित माथुर द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की.
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने दलील दी थी कि मनरेगा जैसी योजनाओं को संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) के तहत मौलिक अधिकार का दर्जा दिया जाना चाहिए, ताकि श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी की गारंटी मिल सके और उनका शोषण न हो.
पीठ ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि अदालत न्यायिक निर्देशों के जरिए सरकार को ऐसी योजनाओं को मौलिक अधिकार में बदलने या न्यूनतम मजदूरी थोपने का आदेश नहीं दे सकती. ऐसा करने से कई व्यावहारिक जटिलताएं पैदा होंगी और रोजगार के अवसरों में कमी आ सकती है, क्योंकि वेतन आमतौर पर काम की प्रकृति और स्थानीय परिस्थितियों से जुड़े होते हैं.
अदालत ने स्वीकार किया कि मनरेगा एक प्रभावी योजना रही है, जिसने ग्रामीण भारत में बेहतरीन काम किया है, लेकिन इसे मौलिक अधिकार के समकक्ष नहीं रखा जा सकता.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि याचिका 2020 में दायर की गई थी और अब नया कानून (वीबी-जी राम जी) लागू हो चुका है. इसलिए, पीठ ने याचिकाकर्ताओं को नए आंकड़ों और कानूनी प्रावधानों के साथ एक नई याचिका दाखिल करने का निर्देश दिया है.