लंदन में जस्टिस सूर्यकांत के कार्यक्रम में हंगामा
लंदन । डेस्क: ब्रिटेन के दौरे पर गए भारत के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत के एक कार्यक्रम में हंगामे और व्यवधान का मामला सामने आया है. लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इसकी तीखी निंदा की है. उच्चायोग ने साफ किया है कि सार्वजनिक संवाद में ऐसा अभद्र व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
यह घटना गुरुवार (4 जून, 2026) को लंदन यूनिवर्सिटी के बर्कबेक में आयोजित एक व्याख्यान के दौरान हुई, जहाँ जस्टिस सूर्यकांत 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अंतर्राष्ट्रीय कानून' विषय पर संबोधित कर रहे थे. अपने संबोधन में उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि तकनीकी शक्ति को हमेशा संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक वैधता और मानवीय गरिमा के प्रति जवाबदेह होना चाहिए.
भाषण के बाद जब सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हुआ, तो एक व्यक्ति ने भारत में असंतोष और असहमति से जुड़े राजनीतिक विषय पर सवाल उठाने की कोशिश की.
चूंकि यह सवाल कार्यक्रम के मुख्य विषय (AI) से पूरी तरह अलग था, इसलिए मॉडरेटर ने उसे बीच में ही रोक दिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए, जिसमें तीखी बहस और हंगामा होते देखा गया.
भारतीय उच्चायोग ने अपने बयान में कहा कि लोकतांत्रिक समाज में मतभेद होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन उन्हें व्यक्त करने का तरीका हमेशा सभ्य और सम्मानजनक होना चाहिए.
जस्टिस सूर्यकांत इस समय ब्रिटेन के छह दिवसीय दौरे पर हैं, जहाँ वे कानूनी क्षेत्र में तकनीक की भूमिका और भारत-यूके आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में वैकल्पिक विवाद समाधान के महत्व जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा कर रहे हैं.