स्वतंत्रता संग्राम में RSS का कोई योगदान नहीं, BJP हमें देशभक्ति न सिखाए: मल्लिकार्जुन खरगे
हल्द्वानी । डेस्क: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार (8 अगस्त, 2026) को उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी और उसके वैचारिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जोरदार हमला बोला. वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए खरगे ने स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस और भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि आजादी की लड़ाई में कोई योगदान न देने वाले लोग आज कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं.
8 अगस्त 1942 के 'भारत छोड़ो आंदोलन' और महात्मा गांधी के 'करो या मरो' के आह्वान को याद करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस ऐतिहासिक दिन ने देशवासियों को एकजुट कर अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया था. खरगे ने कहा कि आज का दिन बेहद शुभ है और हल्द्वानी से फूंका गया यह चुनावी शंखनाद उत्तराखंड में परिवर्तन लाएगा, जिससे राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी.
अपने संबोधन के दौरान खरगे ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान बीजेपी या आरएसएस का कोई भी सदस्य जेल नहीं गया. उन्होंने कहा कि वास्तविक देशभक्त कांग्रेस के लोग हैं, जबकि भाजपा और संघ ने देश के लिए कुछ नहीं किया.
इसके साथ ही खरगे ने केदारनाथ, बद्रीनाथ और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब वे इस मुद्दे को संसद में उठाते हैं, तो भाजपा सांसद हंगामा खड़ा कर देते हैं.
उत्तराखंड की राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए खरगे ने 'डबल इंजन' मॉडल को आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रचार-प्रसार पर जनता के टैक्स के लगभग 1,000 करोड़ रुपये सालाना खर्च किए जा रहे हैं.
विपक्ष के नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों और गरीबों से मिलकर संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर 'अग्निवीर' सैन्य भर्ती योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल की जाएगी तथा युवाओं को स्थायी नौकरियां दी जाएंगी.