छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे HIV के मामले, बच्चों में भी फैला संक्रमण
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में एचआईवी संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली संक्रमित सुइयों के कारण अब बच्चे भी इस गंभीर बीमारी की चपेट में आ रहे हैं.
राज्य के आठ प्रमुख एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) केंद्रों पर इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा 16,705 तक पहुंच गया है, जिसमें अकेले रायपुर केंद्र में 5,225, दुर्ग में 4,569, बिलासपुर में 3,641, सरगुजा में 1,058, बस्तर में 1,137, कोरबा में 410, रायगढ़ में 345 और राजनांदगांव में 320 मरीज शामिल हैं.
रायगढ़ जिले में पिछले कुछ वर्षों में मामले तेजी से बढ़े हैं. वर्ष 2022-23 में जहां 77 नए मरीज मिले थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 125 और 2025 में 193 तक पहुंच गई. वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में ही 56 नए मरीज सामने आने के बाद जिले में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 747 हो गए हैं, जिनमें 14 वर्ष या उससे कम उम्र के 16 बच्चे भी शामिल हैं.
रायगढ़ में चलाए गए एक नशा विरोधी अभियान के दौरान पकड़े गए बच्चों की काउंसिलिंग और स्वास्थ्य जांच में तीन बच्चे एचआईवी संक्रमित पाए गए.
एआरटी केंद्र बिलासपुर के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2010 से 2025 के बीच यहां कुल 9,423 मरीज पंजीकृत हुए, जिनमें 5,492 पुरुष, 3,295 महिलाएं और 74 ट्रांसजेंडर शामिल हैं. वर्तमान में बिलासपुर में 4,472 सक्रिय मरीज हैं.
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में भी लगभग 312 एचआईवी संक्रमित व्यक्ति हैं, जिनमें से 226 अकेले मनेंद्रगढ़ विकासखंड से हैं. हालांकि, एमसीबी जिले ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के '95-95-95' लक्ष्यों को हासिल करने में बेहतर प्रदर्शन किया है, जो लोगों में बढ़ती जागरूकता और इलाज अपनाने की प्रवृत्ति को दर्शाता है.
एमसीबी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले जिले में एआरटी केंद्र खुलने से स्थानीय मरीजों को अब दवा के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ता, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है.
इस बीच, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार लगातार जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को बचाव के प्रति शिक्षित कर रही है. उन्होंने पड़ोसी राज्यों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ में सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि एचआईवी से बचाव केवल सरकार या स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.