रज़ा पहलवी की ट्रंप से अपील- समझौता नहीं, सत्ता परिवर्तन करें
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान के पूर्व शाह के बेटे रज़ा पहलवी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे तौर पर अपील की है कि वे ईरान के वर्तमान शासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करें, बल्कि वहां पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन की कोशिश करें. टेक्सास में आयोजित 'कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ्रेंस' (CPAC) को संबोधित करते हुए पहलवी ने स्पष्ट किया कि ईरान के मौजूदा शासन को पूरी तरह खत्म होना चाहिए.
उन्होंने ट्रंप के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' के नारे की तर्ज पर कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका को फिर से महान बना रहे हैं, और मेरा इरादा ईरान को फिर से महान बनाना है."
पहलवी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों को एक महीना बीत चुका है और युद्ध में करीब 1,937 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
जहाँ पहलवी खुद को भविष्य के ईरान के चेहरे के रूप में पेश कर रहे हैं, वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही संकेत दिया था कि ईरान के नेतृत्व के लिए देश के भीतर का कोई व्यक्ति ज्यादा उपयुक्त हो सकता है.
हालांकि, रिपब्लिकन समर्थकों के बीच इस युद्ध को लेकर भारी समर्थन है, लेकिन अमेरिका के भीतर एक बड़ा वर्ग इन सैन्य कार्रवाइयों को 'अमेरिका फर्स्ट' की नीतियों के खिलाफ मानकर इसका विरोध भी कर रहा है.