जशपुर में चार्टर प्लेन क्रैश की खबरें महज अफवाह- प्रशासन ने की पुष्टि
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को चार्टर प्लेन क्रैश होने की खबरों पर राज्य सरकार ने पूरी तरह विराम लगा दिया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नारायणपुर क्षेत्र में विमान दुर्घटना की कोई पुष्टि नहीं हुई है.
दरअसल, दोपहर के समय इलाके में धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया था, जिसके तुरंत बाद कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.
सघन तलाशी अभियान और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ के बाद अधिकारियों ने बताया कि न तो किसी ने धमाके की आवाज सुनी और न ही घटनास्थल पर मलबे के कोई निशान मिले हैं.
स्थिति की सटीक निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद भी ली गई, लेकिन प्रारंभिक जांच में क्रैश या विस्फोट का कोई भी प्रमाण हाथ नहीं लगा है.
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस संबंध में सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें.