बिना नोटिस और सुनवाई के वोटर लिस्ट से नाम हटाना पूरी तरह अवैध: जस्टिस उज्ज्वल भुइयां
हैदराबाद । डेस्क: लाखों नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने वाली किसी भी प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने पूरी तरह से असंवैधानिक और मनमाना करार दिया है. रविवार (4 अक्टूबर 2026) को नालसार विधि विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय संविधान दो तरह के नागरिकों की अनुमति नहीं देता-एक वो जिनके पास वोट देने का अधिकार है और दूसरे वो जिन्हें इस अधिकार से महरूम कर दिया गया है.
मताधिकार के बिना नागरिकता अधूरी
जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने ज़ोर देकर कहा कि देश में नागरिकों के बड़े पैमाने पर नाम मतदाता सूची से हटाना संविधान के अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार) और अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का सीधा उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि किसी भी तर्क या 'व्हाटअबाउटरी' के सहारे नागरिकों को वोट के अधिकार से बेदखल करने की कार्रवाई को जायज नहीं ठहराया जा सकता. मतदान का अधिकार केवल एक कानूनी अधिकार नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है जो संविधान के बुनियादी ढांचे का अभिन्न हिस्सा है.
हटाने से पहले सुनवाई और नोटिस अनिवार्य
सुप्रीम कोर्ट के जज ने इस बात पर विशेष बल दिया कि किसी मृत व्यक्ति के मामले को छोड़कर, किसी भी जीवित नागरिक का नाम उसकी बिना जानकारी के मतदाता सूची से नहीं हटाया जा सकता. उन्होंने कहा कि नाम विलोपन की किसी भी प्रक्रिया से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस देना और उसकी बात सुनना अनिवार्य है. किसी भी संस्था या प्राधिकार को वयस्क मताधिकार से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम पर उठे सवाल
जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र और युवा देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अब तक लगभग 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं. हाल ही में पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रोहिंग्टन एफ. नरीमन ने भी अकेले पश्चिम बंगाल में 90 लाख लोगों का नाम हटने पर चिंता जताई थी और इस प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े किए थे.
आज़ादी के संघर्ष और समानता का प्रतीक
इतिहास का हवाला देते हुए जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने कहा कि वर्ष 1935 के गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट के तहत केवल 14 प्रतिशत संपन्न लोगों को ही वोट देने का अधिकार था. लेकिन भारत के संविधान निर्माताओं ने इस औपनिवेशिक व्यवस्था को खारिज कर हर भारतीय को समान वोट का अधिकार दिया. उन्होंने कहा कि आज एक अरबपति और एक रिक्शा चालक, या एक पुजारी और एक सफाईकर्मी-सभी के वोट का मूल्य बराबर है. यही भारत के संविधान की परिवर्तनकारी दृष्टि है, जिसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा.