यौन उत्पीड़न के आरोप में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर के विभागाध्यक्ष पद से हटाए गए
नई दिल्ली । डेस्क: सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर (सीयूके) में छात्रों के कड़े विरोध-प्रदर्शनों के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. चिन्नप्पन भास्कर को उनके पद से हटाते हुए 'डीन एकेडमिक अफेयर्स' कार्यालय से संबद्ध कर दिया है.
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जब तक उनके खिलाफ प्राप्त शिकायत की जांच जारी है, तब तक उन्हें विभाग और विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी प्रशासनिक और शैक्षणिक जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से मुक्त रखा जाएगा.
छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है. एक छात्र के अनुसार, डॉ. भास्कर लंबे समय से महिला छात्राओं पर अनुचित टिप्पणियां कर रहे थे.
स्थिति तब अधिक तनावपूर्ण हो गई जब उन्होंने हाल ही में एक छात्रा से डेट पर चलने के लिए कहा.
हालांकि, विश्वविद्यालय के सूत्रों का कहना है कि आरोपी प्रोफेसर अपनी बीमार पत्नी की देखभाल के लिए अपने गृह राज्य रवाना हो चुके हैं.
CUK के रजिस्ट्रार निसार अहमद मीर ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि यौन उत्पीड़न का आरोप सही साबित होता है तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
विभाग का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता को अगला आदेश आने तक केमिस्ट्री विभाग का नया समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) नियुक्त किया गया है.