CEC ज्ञानेश कुमार को हटाएं, PM इस्तीफा दें: CWC बैठक में खड़गे
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से तुरंत हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और केवल सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचा रहे हैं.
इसके साथ ही खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी नैतिकता के आधार पर पद छोड़ने की मांग की है.
कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हुए.
बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ भावी रणनीति तैयार करना था.
खड़गे ने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी साजिश के तहत युवा मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के लिए फॉर्म 6 से जुड़े नियमों में अवैध बदलाव किए गए हैं और मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर दो अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाए गए सवालों ने आयोग के कामकाजी ढर्रे की पोल खोलकर रख दी है.
चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि राजनीतिक दलों को मतदाता सूची का समयबद्ध और सरल डेटा मुहैया कराया जाए, गंभीर गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच हो, हटाए गए मतदाताओं को अपील का मौका मिले और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सभी आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं.
अब इस मुद्दे को लेकर विपक्षी 'INDIA' गठबंधन की बैठक में आगे की साझा रणनीति और संसद में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नोटिस लाने पर विचार किया जाएगा.