कार्बन डाइऑक्साइड का रिकॉर्ड स्तर, जलवायु संकट की चेतावनी
छत्तीसगढ़ वातावरण में कार्बनडाइऑक्साइड की रिकॉर्ड बढ़ोतरी से संकट बढ़ा
नई दिल्ली | डेस्कः वैश्विक जलवायु संकट से किस कदर दुनिया घिरती जा रही है, इसका जीता जागता सबूत है हाल ही में कार्बन डाई ऑक्साइड के स्तर में रिकॉर्ड बढ़ोतरी. वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर मई 2025 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया. जो अब तक का सबसे अधिक स्तर है. यह मई 2024 की तुलना में 3.6 पीपीएम अधिक है, जो बढ़ते हुए जलवायु परिवर्तन का संकेत है.
हवाई की मौना लोआ ऑब्जर्वेटरी में वैज्ञानिकों ने दर्ज किया कि कार्बन डाइऑक्साइड का मौसमी स्तर 430 पीपीएम को पार कर गया है. 430 पीपीएम CO₂ का मतलब है कि वायुमंडल में प्रति मिलियन शुष्क हवा के अणुओं में 430 कार्बन डाइऑक्साइड के अणु मौजूद हैं. यह एक माप है जो बताता है कि वायुमंडल में CO₂ का स्तर कितना है.
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह न केवल पृथ्वी के तापमान को बढ़ा रहा है बल्कि समुद्री जीवन से लेकर मौसमी बदलाव तक व्यापक स्तर पर तबाही का कारण बन रहा है.
इस तरह से वातावरण में बढ़ता कार्बन डाइऑक्साइड का यह स्तर धरती पर जीवन के लिए बड़े खतरे का सूचक है. बता दें कि इससे पहले मई 2023 में भी CO₂ के बढ़ते स्तर ने पिछले आठ लाख वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था.
मई 2023 में वातावरण में मौजूद कार्बन डाईऑक्साइड का स्तर 424 भाग प्रति मिलियन (पीपीएम) पर पहुंच गया था.
लगातार CO₂ की वृद्धि चिंताजनक
देखा जाए तो यह कोई पहला मौका नहीं है, जब कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर में इस तरह से वृद्धि हो रही है. इससे पहले भी मई 2021 में महामारी के बावजूद सीओ2 का औसत मासिक स्तर 419.13 पीपीएम पर पहुंच गया था.
वहीं मई 2020 में वायुमंडलीय कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर 417.1 पीपीएम रिकॉर्ड किया गया था. मई 2025 में CO₂ का औसत स्तर 430.2 से 430.5 पीपीएम रहा, जो पिछले साल की तुलना में 3.5-3.6 पीपीएम अधिक है.
यह आंकड़ा मई 2023 के 424 पीपीएम और मई 2021 के 419.13 पीपीएम के स्तर से भी कहीं अधिक है.
हर साल नया रिकॉर्ड, खतरे की घंटी
मौना लोआ ऑब्जर्वेटरी, जो समुद्र तल से 11,141 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, वातावरण में CO₂ की निगरानी के लिए दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण जगह मानी जाती है.
यहां 1958 में वैज्ञानिक चार्ल्स डेविड कीलिंग ने CO₂ माप शुरू किया था, जिसके आंकड़े 'कीलिंग कर्व' के नाम से प्रसिद्ध हैं. यह कर्व दिखाता है कि हर साल मई में CO₂ का स्तर चरम पर पहुंचता है, फिर गर्मियों में पौधों की गतिविधि के कारण घटता है और पतझड़ में दोबारा बढ़ता है.
स्क्रिप्स CO₂ प्रोग्राम के प्रमुख राल्फ कीलिंग ने कहा, "हर साल नया रिकॉर्ड बन रहा है, जो चिंता का विषय है. यह 'कार्बन टाइम बम' की तरह है, जो मानवता के लिए खतरे की घंटी बजा रहा है."
इंसानी गतिविधियां सबसे ज्यादा जिम्मेदार
बता दें कि इंसानों द्वारा उत्सर्जित की जा रही ग्रीनहाउस गैसों में कार्बन डाइऑक्साइड एक प्रमुख गैस है. वैज्ञानिकों के अनुसार, औद्योगिक क्रांति के बाद से सीओ₂ का स्तर 50% तक बढ़ चुका है.
मानवीय गतिविधियां जैसे जीवाश्म ईंधन (कोयला, पेट्रोल, डीजल) का उपयोग, वनों का विनाश, सीमेंट उत्पादन और कृषि गतिविधियां इसके लिए जिम्मेदार हैं.
हर साल करीब 4,000 करोड़ मीट्रिक टन CO₂ वातावरण में उत्सर्जित हो रही है.
जलवायु और समुद्र पर बढ़ता खतरा
कार्बन डाइऑक्साइड जैसी ग्रीनहाउस गैसें वातावरण में गर्मी को रोककर पृथ्वी का तापमान बढ़ा रही हैं, जिससे जलवायु परिवर्तन और चरम मौसमी घटनाएं जैसे लू, सूखा, जंगल की आग, भारी बारिश और बाढ़ बढ़ रही हैं.
इसके अलावा, समुद्रों में CO₂ की बढ़ती मात्रा पानी को अम्लीय बना रही है, जिससे मूंगे, शंख, और अन्य समुद्री जीवों के लिए अपने खोल या कंकाल बनाए रखना मुश्किल हो रहा है.
इससे समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और ऑक्सीजन की मात्रा पर गंभीर असर पड़ रहा है.
विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यदि सीओ₂ उत्सर्जन को नियंत्रित नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है, जिसमें जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना और वनों का संरक्षण शामिल है.