रैपिडो पर लगा 10 लाख रुपये का जुर्माना, अधिक पैसा ऐंठने का आरोप
नई दिल्ली । डेस्क: राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म 'रैपिडो' (Roppen Transportation Services Pvt Ltd) द्वारा अपनाई जा रही अनुचित व्यापार प्रथाओं और भ्रामक दावों पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने राइडर्स से बुकिंग के दौरान अतिरिक्त पैसे ऐंठने और गुमराह करने वाले विज्ञापनों के मामले में रैपिडो पर 10 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया है.
मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अगुवाई वाली CCPA की जांच में पाया गया कि कंपनी अपने ऐप के जरिए उपभोक्ताओं पर पहले तय किराए के ऊपर 'टिप' देने या किराया बढ़ाने का दबाव बनाती थी, ताकि बुकिंग जल्दी कंफर्म हो सके.
CCPA की जांच के अनुसार, रैपिडो का एल्गोरिदम पहले उपभोक्ता को एक किराया दिखाता था और बुकिंग बटन दबाते ही "जितना ज्यादा दाम, राइड मिलने की उतनी बेहतर संभावना" या "कैप्टन 60 रुपये में नहीं मान रहे, 10 या 20 रुपये बढ़ाकर देखें" जैसे भ्रामक संदेश स्क्रीन पर दिखाने लगता था.
नियामक ने इसे 'कन्फर्म शेमिंग' और 'डार्क पैटर्न' की श्रेणी में रखा है, जिससे यूजर के मन में राइड छूटने का डर पैदा कर उससे अधिक पैसे वसूले जाते थे. प्राधिकरण ने साफ किया है कि टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए, न कि सेवा पाने की शर्त.
कैब और बाइक-टैक्सी एग्रीगेटर क्षेत्र में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए CCPA की यह जांच व्यापक स्तर पर चल रही है. डार्क पैटर्न रोकथाम नियम 2023 का पालन कराने के उद्देश्य से ओला, उबर और नम्मा यात्री जैसी अन्य प्रमुख कंपनियों को भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं. रैपिडो के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के साथ ही उबर और ओला के कामकाजी तरीकों की जांच भी जारी है.
रैपिडो (Rapido) क्या है?
रैपिडो (Rapido) भारत का एक प्रमुख एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म और राइड-हेलिंग सर्विस है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2015 में अरविंद सांका, पवन गुंटुपल्ली और ऋषिकेश एस.आर. द्वारा की गई थी. इसका मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है और इसे कानूनी रूप से 'रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित किया जाता है.
कंपनी ने शुरुआत मुख्य रूप से 'बाइक-टैक्सी' (Bike-Taxi) सेवा के रूप में की थी, ताकि शहर के भारी ट्रैफिक और भीड़भाड़ में लोगों को किफ़ायती और तेज़ आवागमन का विकल्प मिल सके. समय के साथ अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए रैपिडो ने ऐप में ऑटो-रिक्शा बुकिंग, कैब सेवा और पार्सल डिलीवरी (Rapido Local) जैसी सुविधाएं भी शामिल कर ली हैं.
रैपिडो अपने ड्राइवरों को 'कैप्टन' (Captain) कहता है. इस प्लेटफॉर्म की खासियत इसका किफ़ायती किराया और छोटे रास्तों तथा ट्रैफिक से आसानी से निकलने की क्षमता है. यह भारत के 100 से अधिक शहरों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है. सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ऐप के माध्यम से लाइव जीपीएस ट्रैकिंग, इमरजेंसी SOS बटन और राइडर्स के लिए यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं मुहैया कराती है.