Ranchi: ICAR-IIAB के PhD छात्र की हॉस्टल में संदेहास्पद मौत
रांची । डेस्क: रांची के खरसीदाग थाना क्षेत्र स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-IIAB) के हॉस्टल में एक 35 वर्षीय पीएचडी छात्र का शव उसके बंद कमरे में फर्श पर पड़ा मिला. मृतक छात्र की पहचान महाराष्ट्र निवासी प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है, जो संस्थान से जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग में पीएचडी कर रहे थे.
पुलिस और संस्थान प्रबंधन के अनुसार, शुक्रवार को प्रथमेश ने तबीयत ठीक न होने और कमजोरी की शिकायत की थी, जिसके बाद वह अपने कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
देर शाम तक जब उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो संदेह होने पर हॉस्टल का दरवाजा तोड़ा गया, जहां वे बेसुध फर्श पर पड़े मिले.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
प्राथमिक दृष्टि से मामला किसी चिकित्सीय जटिलता (मेडिकल इमरजेंसी) का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. पुलिस ने परिजनों को सूचित कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.