बिलासपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, गुटीय संघर्ष का मुख्य आरोपी राम सिंह गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में बीते 28 अगस्त को हुए उग्र गुटीय संघर्ष और पथराव मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था और अंततः उसने पन्ना में अपने एक करीबी दोस्त के घर शरण ले रखी थी.
उल्लेखनीय है कि 28 अगस्त की रात बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरगंज इलाके में दो गुटों के बीच सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी. देखते ही देखते यह विवाद मारपीट, तोड़फोड़ और भीषण पथराव में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल निर्मित हो गया था.
स्थिति पर काबू पाने के लिए जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाते हुए उन पर भारी पथराव किया. इस घटना में तारबाहर थाना प्रभारी समेत करीब 9 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ-साथ आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े थे. हालात इतने खराब हो चुके थे कि खुद बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल को मैदान में उतरना पड़ा और उन्होंने मौके पर पंहुचकर ना केवल भीड़ पर नियंत्रण करवाया बल्कि स्थिति को एक सांप्रदायिक संघर्ष में बदलने से भी रोका.
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उपद्रवियों की लगातार धरपकड़ कर रही है.
मामले के दूसरे पक्ष के निगरानी बदमाश सोहेल खान समेत कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इस दौरान राम सिंह लगातार फरार चल रहा था और उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए जल्द सरेंडर करने का दावा भी किया था.
आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी बिलासपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीम को जब सूचना मिली कि राम सिंह मध्य प्रदेश के पन्ना में छिपा हुआ है, तो एक विशेष टीम वहां भेजी गई. पन्ना में दोस्त के ठिकाने पर दी गई दबिश के दौरान उसे धर दबोचा गया. पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर आ रही है, जहां उससे घटना से जुड़े अन्य फरार सहयोगियों और मामले से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर कड़ाई से पूछताछ की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और सभी संलिप्त आरोपियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.इस घटना से जुड़े तथ्य- कब-कब, क्या-क्या हुआ?
घटना की मुख्य वजह और सोशल मीडिया वार: 28 अगस्त की रात खपरगंज में दो गुटों के बीच हिंसा की शुरुआत सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी और पुरानी रंजिश के कारण हुई. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, तोड़फोड़ व पथराव शुरू हो गया.
पुलिस बल पर हमला और बल प्रयोग: हिंसक स्थिति को नियंत्रित करने जब कोतवाली और तारबाहर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया. इस हमले में तारबाहर थाना प्रभारी (TI) समेत करीब 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे. स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा था.
दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी: मामले के दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी और आदतन अपराधी सोहेल खान घटना के कुछ ही दिनों बाद पुलिस गिरफ्त में आ गया था. सीसीटीवी फुटेज में सोहेल खान कट्टा और एयर पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग करते देखा गया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर उसे व उसके साथियों को गिरफ्तार किया था.
आरोपियों का पैदल जुलूस: कानून-व्यवस्था का इकबाल बुलंद करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस (ACCU व कोतवाली थाना) ने गिरफ्तार आरोपियों का शहर के मुख्य रास्तों से पैदल जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया था.
राम सिंह का सोशल मीडिया वीडियो: फरार रहने के दौरान आरोपी राम सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था और आरोप लगाया था कि उसे टारगेट किया जा रहा है. उसने जल्द ही पुलिस के समक्ष सरेंडर करने का दावा भी किया था, हालांकि वह मध्य प्रदेश भाग निकला था.
अब तक 30 से अधिक गिरफ्तारियां: बिलासपुर पुलिस इस मामले में दोनों ही पक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 30 से भी अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी: बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की साइबर सेल टीम ने अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने और माहौल बिगाड़ने वाली दर्जनभर से अधिक सोशल मीडिया आईडी, ग्रुप्स और पेजों को ब्लॉक कराया है.