राम मंदिर दान विवाद: अखिलेश के आरोपों पर गरमाई सियासत
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश में अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में चढ़ावे और दान की राशि की कथित चोरी को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद प्रदेश की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है.
अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए करोड़ों रुपये गायब हैं. उन्होंने इस मामले में न्यायिक हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि सरकार की इस विषय पर चुप्पी बेहद संदेहास्पद है.
अखिलेश ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्पष्टीकरण को भी अस्पष्ट बताया और पूरी स्थिति को साफ करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की मांग की.
सपा प्रमुख के इन आरोपों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को तीखा पलटवार किया. उन्होंने अखिलेश यादव पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा नेता ने कभी भी राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान नहीं किया और मंदिर निर्माण के दौरान हमेशा चुप रहे.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर के बारे में अफवाह फैलाने वाले लोग एक झूठा नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे उत्तर प्रदेश की जनता भली-भांति समझती है.
दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने झांसी में इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि यह मामला राज्य सरकार से नहीं, बल्कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ा हुआ है.
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहा है. चढ़ावे में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विपक्ष के अन्य दलों ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है. आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पहले जमीन और दान संग्रह में गड़बड़ी की बातें सामने आईं और अब दान पेटी से चोरी के आरोप लग रहे हैं, जो श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है.
वहीं, कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भी इस मामले की गंभीर जांच की मांग करते हुए कहा कि दुनिया भर के करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र होने के कारण राम मंदिर के प्रबंधन या वित्त से जुड़े किसी भी सवाल पर बचाव करने के बजाय उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
इस पूरे विवाद पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में नियमित रूप से आंतरिक ऑडिट चल रहा है, जिसमें ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के अधिकारी भी शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि फिलहाल चोरी या गड़बड़ी का कोई सबूत सामने नहीं आया है. वहीं, ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने भी विश्वास जताया है कि जांच के बाद जल्द ही पूरी सच्चाई सबके सामने आ जाएगी.