राजनांदगांव: निर्माणाधीन नाली के गड्ढे में गिरने से ग्रामीण की मौत, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव-मानपुर मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क में सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने एक और ग्रामीण की जान ले ली. सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए 10 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया.
लगभग तीन घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ठेकेदार पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये के आर्थिक मुआवजे का आश्वासन दिए जाने पर ही यातायात बहाल हो सका.
मृतक की पहचान ग्राम फरहद निवासी माखन हिरवानी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, माखन बुधवार शाम घर से घूमने निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन चिंतित हो गए.
गुरुवार सुबह मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने नाली के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में उनका शव देखा. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए.
लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बिना किसी बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड के सड़क किनारे गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे रात के समय यहां से गुजरना बेहद खतरनाक हो गया है.
स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी भी ग्रामीणों के समर्थन में मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही सीएसपी वैशाली जैन पुलिस बल और प्रशासनिक टीम के साथ पहुंचीं, जहां मांगों को लेकर अधिकारियों और नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि लापरवाह ठेकेदार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को तुरंत सील कर बैरिकेड्स लगाए जाएं और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए.
आखिरकार, करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और 5 लाख रुपये की सहायता राशि के प्रशासनिक आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार की अनदेखी के कारण लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है.