राजनांदगांव: लेन-देन के विवाद पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के चिखली चौकी क्षेत्र में उधारी और प्रॉपर्टी विवाद ने एक शख्स ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की नीयत से बेडशीट में लपेटा और कमरे का ताला बंद कर फरार हो गया. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी की साजिश नाकाम हो गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, मोतीपुर रामनगर निवासी 30 वर्षीय अर्जुन वाधवानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था. अर्जुन का अपने ही दोस्त सुनील वर्मा (30) के साथ लंबे समय से पैसों के लेन-देन, प्रॉपर्टी और एक मोटरसाइकिल को लेकर विवाद चला आ रहा था. इसी रंजिश के तहत आरोपी सुनील ने बुधवार, 2 सितंबर की रात अर्जुन को फोन करके अपने किराए के मकान पर बातचीत के लिए बुलाया.
कमरे में बातचीत के दौरान दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर सुनील ने डंडे से अर्जुन के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे अर्जुन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बेडशीट से ढका और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. वह शव को कहीं और ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस को मामले की गुप्त सूचना मिल गई.
खबर मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद आरोपी सुनील ने ताला खोलने का विरोध करते हुए अंदर कुछ भी न होने का दावा किया. पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो अर्जुन का शव बरामद हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक (FSL) और डॉग स्क्वाड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और खून के नमूने समेत महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं.
मामले की पुष्टि करते हुए राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में पैसों के लेन-देन और बाइक को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है. पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है.