राजनांदगांव: नाबालिग से गैंगरेप और देह व्यापार, 5 दोषियों को आखिरी सांस तक जेल
राजनांदगांव । संवाददाता: राजनांदगांव के चर्चित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और देह व्यापार मामले में अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पांचों दोषियों को जीवनभर के लिए सलाखों के पीछे भेज दिया है. फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार बारा ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को अंतिम सांस तक कारावास की सजा सुनाई.
दोषियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें इस पूरे अपराध की मुख्य साजिशकर्ता माना गया है.
यह सनसनीखेज घटना फरवरी 2024 की है, जब छुरिया थाना इलाके की एक नाबालिग लड़की बैंक जाने के बहाने घर से निकली थी. रायपुर में अपने दोस्त से संपर्क न हो पाने के कारण परेशान पीड़िता को बस में संध्या वैष्णव नाम की महिला मिली, जिसने झांसा देकर उसे अपने घर पनाह दी.
अगले दिन घर भेजने का वादा कर संध्या उसे अपनी साथी मुस्कान गोस्वामी के आवास ले गई, जहां नाबालिग को डरा-धमकाकर बंधक बना लिया गया और बाहरी दुनिया से उसका संपर्क पूरी तरह काट दिया गया.
तीन हफ्तों तक रायपुर में कैद रखने के बाद मुख्य आरोपी संध्या उसे रायगढ़ स्थित अपने ठिकाने पर ले गई. विशेष लोक अभियोजक प्रिया कांकरिया के अनुसार, दोनों महिला आरोपियों ने पैसों का लालच देकर पीड़िता को देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया.
इस दौरान चेतन नवरंगे, तोरण सोनकर और धनंजय धृतलहरे नामक युवकों को ग्राहक बनाकर बुलाया गया, जिन्होंने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
इसके बाद भी दोनों महिलाएं लगातार पीड़िता को विभिन्न ग्राहकों के पास भेजकर उससे देह व्यापार कराती रहीं.
लगभग चार हफ्तों के भयानक उत्पीड़न के बाद मामला उजागर हुआ, जिस पर त्वरित सुनवाई करते हुए अदालत ने अब सभी पांचों गुनहगारों को सख्त सजा से दंडित किया है.