राजनांदगांव: इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनेगा, ₹3000 करोड़ के निवेश की उम्मीद
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने राज्य के राजनंदगांव जिले में 'इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC 2.0)' की स्थापना को मंजूरी दे दी है.
लगभग 432.08 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार 210.56 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी. यह क्लस्टर छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) द्वारा 306 एकड़ के विशाल क्षेत्र में विकसित किया जाएगा.
इस मेगा प्रोजेक्ट के जरिए राज्य में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का अनुमान है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए लगभग 9,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इस क्लस्टर में कंपनियों के लिए प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं, रेडी-मेड फैक्ट्री स्पेस, 24 घंटे बिजली-पानी की आपूर्ति और आधुनिक लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योग तुरंत काम शुरू कर सकेंगे.
खास बात यह है कि परियोजना की घोषणा के साथ ही सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की चार प्रमुख एंकर कंपनियों ने यहां अपनी इकाइयां स्थापित करने में रुचि जताई है. यह कदम 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को भी मजबूती देगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला छत्तीसगढ़ में निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है और राज्य सरकार अपने युवाओं को कौशल विकास के जरिए इन नए अवसरों के लिए पूरी तरह तैयार करेगी.