राजनांदगांव: करंट की चपेट में आने से 14 गायों की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिंगदई वार्ड क्रमांक 50 में खेतों में चरने गए 14 गौवंशों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. इस हृदय विदारक घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और गोपालकों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
लोगों ने विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया.
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से सीमेंट के बेहद पुराने और जर्जर पोल खड़े थे, जिन्हें बदलने की ओर विभाग ने कभी ध्यान नहीं दिया.
बीती देर रात इलाके में आए तेज आंधी-तूफान के कारण ऐसे ही करीब चार जर्जर खंभे अचानक उखड़कर जमीन पर आ गिरे. इन गिरे हुए पोल के तारों में बिजली का करंट दौड़ रहा था. सुबह जब मवेशी वहां पहुंचे, तो वे इस लाइव वायर की चपेट में आ गए.
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की इस घोर उपेक्षा के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ है. अगर समय रहते इन खंभों की मरम्मत या इन्हें बदलने का काम किया गया होता, तो इस बेकसूर मूक पशुओं की जान न जाती.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि विभाग को न सिर्फ इस नुकसान की जिम्मेदारी लेनी होगी, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम भी करने होंगे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मामले की जांच और स्थिति को संभालने में जुट गया है.