रायपुर: विवादित वीडियो मामले में यू-ट्यूबर सोमा देवांगन गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
रायपुर । संवाददाता: सोशल मीडिया पर रायपुर महापौर मीनल चौबे से जुड़े एक कथित आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यू-ट्यूबर और एंकर सोमा देवांगन को उद्योग भवन के पास घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया.
अदालत में पेश किए जाने के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए हैं. फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों और वीडियो के मूल स्रोत की विस्तृत जांच कर रही है.
इस कार्रवाई के बाद शहर में सियासी पारा अचानक चढ़ गया है. गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सनी अग्रवाल, आकाशदीप शर्मा और कामरान अंसारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंच गए. वहां पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर नोकझोंक और तीखी बहस हुई.
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए गंभीर आरोप लगाए, जबकि पुलिस मामले में नियमानुसार जांच आगे बढ़ा रही है.
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत से हुई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक वीडियो पोर्टल और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित वीडियो में एक युवक ने महापौर और महिलाओं के प्रति बेहद अभद्र व अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.
भाजपा नेताओं का कहना था कि बिना किसी काट-छांट के इस आपत्तिजनक सामग्री को इंटरनेट पर सार्वजनिक किया गया, जिसके बाद पुलिस ने यह कानूनी कदम उठाया.