रायपुर: तालाब में मिली युवती की लाश, अविश्वास में प्रेमी ने घोंटा था गला
रायपुर । संवाददाता: प्रेम प्रसंग में उपजे शक और अनबन ने रायपुर में एक युवती की जान ले ली. खमतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित एक तालाब से युवती का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था.
पुलिस ने इस अंधी हत्या की गुत्थी को बेहद तेजी से सुलझाते हुए मृतका के प्रेमी करण तांडी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस और एफएसएल की टीमें मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं.
इस सनसनीखेज वारदात का सुराग घटनास्थल पर मिले मृतका के मोबाइल फोन से लगा. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जब जांच आगे बढ़ाई, तो मृतका की पहचान रायपुर के ही टिकरापारा निवासी के रूप में हुई.
इसके बाद संदेह के दायरे में आए करण तांडी को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं और आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच लगभग तीन साल पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क हुआ था, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया. हालांकि, पिछले कुछ समय से आरोपी को अपनी प्रेमिका पर किसी तीसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था. इसी अविश्वास के कारण दोनों में आए दिन तीखी बहस होती थी.
घटना वाले दिन भी विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आपा खोकर युवती का गला दबा दिया और हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को तालाब में फेंककर फरार हो गया था.