रायपुर: तंत्र-मंत्र से बीमारी दूर करने का झांसा, महिला से ठगे 150 ग्राम सोना
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के फाफाडीह क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और चमत्कारी इलाज का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी ठगने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोपी तीन पुरुषों ने खुद को साधु बताकर महिला को उसकी बीमारी और पारिवारिक समस्याओं से मुक्ति दिलाने का सपना दिखाया था.
गंज थाना पुलिस के अनुसार, जय लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी महिला से यह ठगी मार्च 2026 से शुरू हुई थी. आरोपियों ने महिला की आंखों की तकलीफ और बीमारी का जिक्र कर उसका विश्वास जीता और पूजा-पाठ के नाम पर पहली बार में एक सोने की अंगूठी तथा ₹9,000 नकद ले लिए.
इसके बाद वे अलग-अलग मौकों पर अनुष्ठान के बहाने आभूषण मांगते रहे. करीब सात बार में आरोपियों ने महिला से हार, चेन, चूड़ियां और ब्रेसलेट सहित लगभग 150 ग्राम सोने के जेवर ऐंठ लिए.
पीड़िता ने जब आगे और जेवर देने से मना किया, तो आरोपियों ने किसी अनहोनी और परिवार में मौत की धमकी देकर उसे डराया. इसी डर के कारण महिला महीनों तक शांत रही.
सितंबर के महीने में जब आरोपियों की मांगें और बढ़ गईं, तब महिला ने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई.
मामले का भंडाफोड़ होने के बाद पीड़िता के पति की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मोबाइल नंबरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है.