रायपुर: नवापारा-अभनपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटना, 3 युवकों की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवापारा-अभनपुर मार्ग पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है. बजरंगपुर टोल नाके के समीप दो तेज रफ्तार भारी वाहनों की आपस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मृतक काफी देर तक मलबे में ही फंसे रहे.
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 तारीख की रात करीब 1:30 बजे की है जब एक मिनी हाइवा और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हुई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (पारागांव), सुमित यादव (नवागांव, कुरूद) और दीपक पटेल (कातलबोड़, कुरूद) के रूप में हुई है.
पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है.
देर रात हुई इस हृदयविदारक घटना ने तीन गांवों में मातम पसरा दिया है. पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से रात के समय संयमित गति से वाहन चलाने की अपील की है.