पुलिस क्रेन ने ऑटो को मारी टक्कर, एक बच्चे की मौत
रायपुर: मासूमों को पुलिस क्रेन ने रौंदा, एक की मौत, दूसरी की हालत नाजुक
रायपुर । संवाददाता: राजधानी के हृदय स्थल कहे जाने वाले सिविल लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ क्लब के ठीक सामने तेज रफ्तार में आ रही ट्रैफिक पुलिस की टोइंग क्रेन ने स्कूल जा रहे दो नाबालिग बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक टक्कर में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ रही बच्ची जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चे सुबह नियत समय पर स्कूल के लिए निकले थे. इसी दौरान छत्तीसगढ़ क्लब के पास अनियंत्रित गति से आ रही पुलिस की टोइंग गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
वहीं, घायल बच्ची को लहूलुहान हालत में राहगीरों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
गुस्साए लोगों का हंगामा
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जाहिर की है. लोगों का आरोप है कि सरकारी वाहन (क्रेन) का चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिससे जनता का आक्रोश और बढ़ गया.
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.